CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है और मौसम सुहावना हो गया है। बस्तर और सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगस्त के अंत तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।![]()
मौसम प्रणाली
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। अगले 24 घंटों में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। वहीं, इससे जुड़ी द्रोणिका झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है। इन सक्रिय मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान एमसीबी जिले के कोटाडोल में सबसे अधिक 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 8-8 सेंटीमीटर, छुरा और नांगार में 7 सेंटीमीटर, जबकि सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में 6-6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में आज होगी बारिश
राजधानी रायपुर में आज आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। दिनभर रुक-रुककर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं रायपुर, बालोद, राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, जशपुर, बलरामपुर समेत कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।



