CG Accident: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले का सड़क हादसा हो गया। जुनवानी के पास एक स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक महिला आरक्षक, 3 अन्य जवान, मंत्री के PA और ड्राइवर शामिल हैं। मंत्री केदार कश्यप इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद सभी घायलों को कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद 4 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। हादसे में मंत्री के काफिले की तीनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। मामला जुनवानी थाना क्षेत्र का है।
मंत्री के PA अनुराग शर्मा को सीने में दर्द की शिकायत के बाद रायपुर रेफर किया गया है। ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य के सिर, चेहरे और पैर में चोटें आई हैं, उन्हें भी रायपुर भेजा गया है। प्रधान आरक्षक राजेश नेताम और आरक्षक सुगंतिन उसेंडी के सिर में गंभीर चोट लगने पर उन्हें भी रायपुर रेफर किया गया।
वहीं, आरक्षक त्रिलोतमा मदरू के सिर, सीने, पीठ और दाहिने हाथ में चोट आई है। आरक्षक नर्मदा मरकाम के सिर और बाएं कंधे में चोट लगी है। दोनों का इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, मंत्री केदार कश्यप अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव लौट रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो अचानक जुनवानी के पास उनके काफिले में घुस गई और मंत्री की कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो फॉलो वाहन से जा भिड़ी, जिससे उसमें सवार पुलिस जवान घायल हो गए।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


