Bilaspur Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बेलगहना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। पुलिस और फॉरेंसिक टीम की सतर्कता से महज कुछ घंटों में इस अंधे कत्ल का खुलासा हो गया। मामले में पुलिस ने मृतक के पिता, भाई और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम रतखंडी का है। यहां 23 वर्षीय गौरीशंकर पटेल की 19 और 20 मई की दरम्यानी रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के पिता उमेन्द सिंह पटेल ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसके बेटे ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस को गुमराह करने के लिए मौके पर कीटनाशक की शीशी भी रखी गई थी।
सूचना मिलने पर जब बेलगहना पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की स्थिति और शरीर पर मिले चोट के निशानों ने पुलिस का शक गहरा दिया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। वैज्ञानिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का है।
इसके बाद पुलिस ने परिजनों से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गौरीशंकर शराब पीने का आदी था और आए दिन घर में विवाद एवं मारपीट करता था। घटना वाली रात भी उसने नशे की हालत में घर में हंगामा किया था। इससे परेशान होकर पिता उमेन्द सिंह पटेल, छोटे भाई शिवशंकर पटेल और एक अपचारी बालक ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने गौरीशंकर के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने और घटना को आत्महत्या साबित करने के लिए उसके मुंह में कीटनाशक डाल दिया गया।
फिलहाल बेलगहना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
