Ambikapur News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक निजी स्कूल में शिक्षक द्वारा छात्र को दी गई अनोखी सजा का मामला सामने आया है। आरोप है कि 8वीं कक्षा के एक छात्र को अनुशासन के नाम पर हिंदी और अंग्रेजी में 100-100 बार गाली लिखने के लिए कहा गया। इतना ही नहीं, छात्र से कॉपी पर अपने माता-पिता के हस्ताक्षर करवाकर लाने के लिए भी कहा गया। घटना सामने आने के बाद परिजनों में नाराजगी है।![]()
परिजनों का फूटा गुस्सा
जानकारी के अनुसार मामला अंबिकापुर स्थित बिड़ला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल का है। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने पहले कक्षा के अन्य छात्रों से पूछा कि क्या संबंधित छात्र ने गाली दी थी, लेकिन सभी बच्चों ने इससे इनकार कर दिया। इसके बावजूद छात्र को जमीन पर बैठा दिया गया और कहा गया कि जब तक वह 100 बार हिंदी और 100 बार अंग्रेजी में वही गाली नहीं लिखेगा, तब तक उसे बेंच पर बैठने नहीं दिया जाएगा।
200 बार लिखवाई मां की गाली
परिजनों का कहना है कि छात्र से कुल 200 बार मां की गाली लिखवाई गई। इसके बाद शिक्षक ने छात्र से कहा कि वह कॉपी पर अपने माता-पिता के हस्ताक्षर करवाकर लाए। जब छात्र अगले दिन साइन कराने के लिए कॉपी लेकर घर पहुंचा, तब परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हुई।
स्कूल प्रबंधन से की शिकायत
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के सामने कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि अनुशासन बनाए रखने के लिए इस तरह की सजा देना बच्चों के मानसिक विकास पर गलत प्रभाव डाल सकता है। मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन से शिकायत की गई है और उचित कार्रवाई की मांग की गई है।



