CG News: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में रविवार को लात नाले में कार समेत बह गए दंपति के शव चार दिन बाद बरामद कर लिए गए। बुधवार को विशेषज्ञ गोताखोरों की संयुक्त टीम ने देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल के शव नाले से बाहर निकाले। ग्रामीणों की मदद से रस्सियों के सहारे कार को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
शव बरामद होने के बाद दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।![]()
4 दिन बाद मिली लाश
हादसा रविवार शाम करीब 5 बजे हुआ था, जब दंपति की कार माधोपली के लात नाले में तेज बहाव में बह गई थी। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों ने तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद SDRF और NDRF की टीमों को भी रेस्क्यू अभियान में लगाया गया, फिर भी मंगलवार तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पंजाब से बुलाई गई विशेषज्ञ गोताखोर टीम
लगातार चार दिन तक चले अभियान के बाद परिजनों की पहल और प्रशासन की अनुमति से पंजाब से विशेषज्ञ गोताखोर आशु मलिक की टीम को बुलाया गया। टीम ने स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल के साथ संयुक्त अभियान चलाया, जिसके बाद बुधवार को दोनों शवों को बरामद कर लिया गया।
कलेक्टर ने की निगरानी
रेस्क्यू अभियान के दौरान सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर पद्मिनी भाई साहू अधिकारियों के साथ मौके पर मौजूद रहीं और पूरे अभियान की निगरानी करती रहीं। वहीं आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान देखते रहे।




