CG Murder: चरित्र पर शक में पत्नी का मर्डर, सो रही पत्नी पर बसुला से हमला कर भागा पति

CG Murder: बलौदाबाजार जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम टोनाटार में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था।

आरोप है कि इसी शक के चलते पति ने रात में सो रही पत्नी पर धारदार हथियार बसुला से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया था। पुलिस ने तलाश के दौरान उसे भाटापारा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

कमरे में खून से लथपथ मिला था शव

पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को भाटापारा ग्रामीण थाने में सूचना मिली थी कि ग्राम टोनाटार में एक महिला अपने कमरे में पलंग पर खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी है। मृतका के सिर और शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले थे।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक अधिकारी और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर बारीकी से जांच की। ई-साक्ष्य तकनीक की मदद से भी जरूरी जानकारी जुटाई गई। मौके से खून से सने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए गए, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है।

रेलवे स्टेशन में पकड़ा गया आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका का पति लखन लाल बंजारे (61) निवासी ग्राम टोनाटार अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

आरोप है कि घटना वाली रात लखन लाल ने सो रही पत्नी पर बसुला से हमला कर उसकी हत्या कर दी और घर में ताला लगाकर फरार हो गया। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भाटापारा रेलवे स्टेशन से बाहर भागने की तैयारी में है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे स्टेशन से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।

बसुला जब्त

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून से सना बसुला जब्त किया है। इसके अलावा घटनास्थल से मिले कपड़े और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।

आरोपी लखन लाल बंजारे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे 13 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *