CG News: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के एक शासकीय प्राथमिक स्कूल में कक्षा के दौरान छत का प्लास्टर गिरने से 3 छात्र घायल हो गए। हादसे में 2 छात्रों के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।![]()
घटना साजा विकासखंड के ग्राम गुवारा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल की है। जानकारी के अनुसार कक्षा दूसरी में पढ़ाई चल रही थी। इसी दौरान अचानक छत का प्लास्टर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर तीन छात्र घायल हो गए।
परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
घटना के बाद परिजनों ने स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को लेकर विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नए स्कूल भवन की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले स्कूल जतन योजना के तहत छत की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन प्लास्टर एक वर्ष भी नहीं टिक सका।
हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने मरम्मत कार्य की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए नए स्कूल भवन का जल्द निर्माण कराने की मांग की है।




