Balrampur Student Pitai: गिनती नहीं सुनाने पर दूसरी कक्षा के छात्र की पिटाई, चेहरा सूज गया, आंख से निकला खून

Balrampur Student Pitai

Balrampur Student Pitai: बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत पलगी के प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में शिक्षक ने दूसरी कक्षा के 7 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दिए, जिससे बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। इतना जोरदार थप्पड़ बरसाए कि बच्चे की आंख से खून निकलने लगा और चेहरे पर सूजन आ गई।

दरअसल, शुक्रवार को भोजन अवकाश के बाद शिक्षक उदय यादव कक्षा में पहुंचे और छात्र भागीरथी यादव को गिनती सुनाने के लिए कहा। छात्र द्वारा गिनती में गलती होते ही शिक्षक गुस्से से बेकाबू हो गए और उसके चेहरे पर कई थप्पड़ मारने लगे। बच्चा रोता रहा, सिर झुकाता रहा, लेकिन शिक्षक पिटाई करते रहे।

शिक्षक पर शराब के नशे में होने का आरोप

पीड़ित छात्र के पिता धनंजय यादव ने आरोप लगाया कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल आते हैं, और घटना वाले दिन भी वे नशे में थे। बच्चा जब रोते हुए घर पहुंचा, तो परिजनों ने तुरंत पूरी घटना सुनी और त्रिकुंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

BEO ने दिए जांच के आदेश

मामले की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) विजय कुशवाहा ने बताया कि घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनीराम यादव ने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जांच में जुटी पुलिस

त्रिकुंडा थाना प्रभारी जवाहर तिर्की ने शिकायत की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में शिक्षक के प्रति आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों ने शिक्षक की बर्खास्तगी की मांग की है। फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *