Bilaspur Murder: बिलासपुर में 120 रुपये की शराब 250 रुपये में बेचने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या करने वाला आरोपी दो महीने बाद बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद आरोपी फरार था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे बिहार के मुंगेर से धरदबोचा।

घटना 12 अक्टूबर की रात की है। करबला निवासी किशन यादव (19) अपने दोस्त साहिल सोनकर के साथ लुतरा उर्स देखकर लौट रहा था। रात करीब तीन बजे दोनों युवक तिफरा सब्जी मंडी स्थित शराब दुकान के पास ब्लैक में शराब खरीदने पहुंचे, जहां साहिल साहू अवैध रूप से शराब बेच रहा था। उसने 120 रुपये की बोतल के 250 रुपये मांगे, जिस पर विवाद बढ़ गया।

विवाद इतना बढ़ा कि साहिल साहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर किशन और साहिल सोनकर पर लकड़ी के बत्ते से हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान साहिल सोनकर गिर पड़ा, जबकि किशन यादव भागकर जान बचाने में सफल रहा। गंभीर चोटों के चलते साहिल सोनकर की मौत हो गई।

वारदात के बाद पुलिस ने दो आरोपियों- साहिल साहू और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में उपयोग किया गया बत्ता, स्कूटी और खून से सने कपड़े जब्त किए गए। तीसरा आरोपी आकाश शर्मा घटना के बाद से फरार था।
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम बिहार के मुंगेर पहुंची और वहां आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर उसे बिलासपुर लाया गया, जहां कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
