Mahasamund News: छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति लगाने पहुंचे किसान मोर्चा के 6 सदस्य गिरफ्तार

Mahasamund News

Mahasamund News: राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर तुमगांव थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा के छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग NHAI की भूमि पर छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति स्थापित कर रहे थे, जिससे रायपुर-सरायपाली मार्ग पर आवागमन बाधित होने की स्थिति बन गई थी। घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के करणी कृपा प्लांट के सामने की है।

नेशनल हाईवे पेट्रोलिंग के कर्मचारी कमलेश पटेल ने शिकायत दर्ज कराई कि किसान मोर्चा के कार्यकर्ता हाईवे किनारे अवैध रूप से मूर्ति स्थापना कर रहे हैं। शिकायत पर प्रशासन मौके पर पहुंचा और तहसीलदार ने समझाइश भी दी, लेकिन इसके बावजूद मूर्ति लगाने का प्रयास जारी रहा।

स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और हाईवे पेट्रोलिंग कर्मचारी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण, अतिक्रमण या यातायात बाधित करने वाला कार्य कानूनी रूप से दंडनीय है।

इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 285, 3(5) और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम 1956 की धारा 8B के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। गिरफ्तार सभी छह लोगों को न्यायालय में पेश किया गया। घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के करणी कृपा प्लांट के सामने की बताई गई है, फिलहाल पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *