Janjatiya Gaurav Diwas 2026: रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के पुजारियों और बैगा पुजारियों को बैगा-पूजारी सम्मान निधि योजना की राशि का अंतरण किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने तेन्दूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन पारिश्रमिक और सहायता राशि भी वितरित की। इसके अलावा राज्यस्तरीय लोकनृत्य महोत्सवों के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
बैगा-पूजारी सम्मान निधि के लिए 173 करोड़ 65 लाख रुपये जारी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बैगा-पूजारी सम्मान निधि योजना के तहत कुल 173 करोड़ 65 लाख रुपये की राशि जारी की। इस योजना से 3 हजार 473 बैगा पुजारियों को लाभ मिला। राशि के अंतरण से पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में तेन्दूपत्ता संग्राहकों को भी प्रोत्साहन पारिश्रमिक वितरित किया गया। इसके तहत राज्य की 386 समितियों से जुड़े 4 लाख 25 हजार 507 तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 62 करोड़ 27 लाख रुपये की राशि दी गई।
वहीं राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 1,556 प्रकरणों में हितग्राहियों को 21 करोड़ 92 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
बैगा और पुजारियों की परंपरागत सेवाओं को सम्मान
बैगा-पूजारी सम्मान निधि योजना का उद्देश्य जनजातीय बाहुल्य ग्रामीण क्षेत्रों में परंपरागत रूप से वनौषधीय चिकित्सा से जुड़े बैगा, गुनिया और हड़जोड़ लोगों की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहित करना है।
योजना के तहत चिन्हित व्यक्तियों को प्रतिवर्ष 5 हजार रुपये की सम्मान सह-प्रोत्साहन निधि प्रदान की जाती है। इससे उनके सेवा कार्य और जनजातीय परंपराओं के संरक्षण में योगदान को मान्यता मिलती है।
तेन्दूपत्ता संग्राहकों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ
राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत संग्राहकों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जाती है। योजना में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के परिवार के मुखिया की सामान्य मृत्यु या स्थायी विकलांगता पर 2 लाख रुपये, दुर्घटना मृत्यु पर 4 लाख रुपये और आंशिक विकलांगता पर 1 लाख रुपये की सहायता राशि देने का प्रावधान है।
लोकनृत्य महोत्सव के विजेताओं को किया सम्मानित
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्यस्तरीय छत्तीसगढ़ क्षेत्र लोक नृत्य महोत्सव और शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव के विजेता दलों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
छत्तीसगढ़ क्षेत्र लोक नृत्य महोत्सव में रायगढ़ जिले के मोहिनीपुर-चंवरपुर के कर्मा लोक नृत्य दल ने प्रथम स्थान हासिल किया। दल को 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। सूरजपुर जिले के पारंपरिक कर्मा दल को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये और सरगुजा जिले के जय शिव शारदा कर्मा पार्टी को तृतीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये प्रदान किए गए।
वहीं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव में कोंडागांव जिले के लिंगो घोटुल माटी मांदरी नृत्य दल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दल को 1 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। धमतरी जिले की गढ़िया बाबा आदिवासी लोक नृत्य सेवा समिति को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये और जशपुर जिले के जय मातादी करमा दल, टाटीडांड को तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये दिए गए।
मुख्यमंत्री ने विजेता दलों को सम्मानित करते हुए कहा कि जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं का संरक्षण प्रदेश की गौरवशाली विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से कलाकारों और जनजातीय समुदायों को अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।



