CG Murder: बलौदाबाजार जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली हत्या का मामला सामने आया है। सूअर और काला-कुरूप कहकर चिढ़ाने से नाराज एक युवक ने अपने दोस्त की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि उसका दोस्त उसकी बहन पर गलत नजर रखता है और उसे भी नीचा दिखाता है।
आरोपी ने लोहे के फावड़े से युवक के सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को गिधौरी और घटमड़वा के बीच स्थित बांध के पानी में फेंक दिया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल फावड़ा और मृतक का मोबाइल भी जब्त किया गया है।
बचपन के दोस्त थे दोनों
पुलिस के अनुसार मृतक आदित्य टंडन (19) और आरोपी किशन साहू (19) बचपन के दोस्त थे। दोनों साथ में मजदूरी करते थे और एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था। दोस्ती के बावजूद दोनों के बीच चिढ़ाने और आपसी विवाद को लेकर तनाव बना हुआ था।
पानी में मिला था युवक का शव
14 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे गिधौरी और घटमड़वा के बीच डैम के पानी में एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान गिधौरी निवासी आदित्य टंडन के रूप में हुई।
शव की जांच के दौरान उसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू की और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल की जांच कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लोगों से पूछताछ की। इसमें सामने आया कि 13 नवंबर की दोपहर आदित्य को किशन साहू के साथ घटमड़वा एनीकट की ओर जाते देखा गया था। उस समय किशन के हाथ में फावड़े जैसा हथियार भी दिखाई दिया था।
इसके बाद पुलिस ने किशन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे का फावड़ा भी बरामद कर लिया।
बहन पर गलत नजर रखने का था शक
पुलिस के मुताबिक, किशन को शक था कि आदित्य उसकी बहन पर गलत नजर रखता है। इसके अलावा आदित्य उसे रंग को लेकर चिढ़ाता था और सूअर व काला-कुरूप कहकर मजाक उड़ाता था। इन बातों को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था।
इसी रंजिश के चलते किशन ने आदित्य पर हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को बांध के पानी में फेंक दिया।
एसडीओपी केके वासनिक ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गिधौरी पुलिस, एफएसएल और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले की जांच की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी किशन साहू के खिलाफ गिधौरी थाने में मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।




