CG Jail Escape: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से सोमवार तड़के 4 कैदी जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए। फरार कैदियों में तीन एनडीपीएस एक्ट के आरोपी हैं, जबकि एक कैदी चोरी के मामले में जेल में बंद था। घटना की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने की है। कैदियों के फरार होने के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सभी फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 4 बजे चारों कैदियों ने जेल की ऊंची दीवार कंबलों की मदद से पार कर फरार होने की योजना को अंजाम दिया। फरार कैदियों की पहचान धरमवीर, लीलाधर, राजेंद्र और पंचराम के रूप में हुई है। इनमें धरमवीर, लीलाधर और राजेंद्र एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल में बंद थे, जबकि पंचराम चोरी के मामले में न्यायिक अभिरक्षा में था।
5 कैदियों ने की थी भागने की कोशिश
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जेल से भागने की कोशिश कुल पांच कैदियों ने की थी। इनमें चार कैदी दीवार फांदकर भागने में सफल हो गए, जबकि पांचवां कैदी दीवार पार करते समय नीचे गिर गया। उसे मौके पर ही जेल कर्मियों ने पकड़ लिया और दोबारा जेल के भीतर ले जाया गया।
कंबल का बनाया सहारा
बताया जा रहा है कि कैदियों ने जेल में उपलब्ध कंबलों का उपयोग कर दीवार पार की। घटना के बाद जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार कैदियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले मई 2021 में भी पांच कैदी दिनदहाड़े जेल की दीवार फांदकर भाग निकले थे। उस मामले में जांच के बाद मुख्य प्रहरी समेत चार जेल प्रहरियों को निलंबित किया गया था। ताजा घटना के बाद एक बार फिर जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

