Balrampur Teacher Suspended: बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत पलगी के प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में शिक्षक ने दूसरी कक्षा के 7 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दिए, जिससे बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। इतना जोरदार थप्पड़ बरसाए कि बच्चे की आंख से खून निकलने लगा और चेहरे पर सूजन आ गई। छात्र की पिटाई करने वाले प्रधान पाठक उदय कुमार यादव को DEO ने निलंबित कर दिया है।

दरअसल, शुक्रवार को भोजन अवकाश के बाद शिक्षक उदय यादव कक्षा में पहुंचे और छात्र भागीरथी यादव को गिनती सुनाने के लिए कहा। छात्र द्वारा गिनती में गलती होते ही शिक्षक गुस्से से बेकाबू हो गए और उसके चेहरे पर कई थप्पड़ मारने लगे। बच्चा रोता रहा, सिर झुकाता रहा, लेकिन शिक्षक पिटाई करते रहे।
शिक्षक पर शराब के नशे में होने का आरोप
पीड़ित छात्र के पिता धनंजय यादव ने आरोप लगाया कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल आते हैं, और घटना वाले दिन भी वे नशे में थे। बच्चा जब रोते हुए घर पहुंचा, तो परिजनों ने तुरंत पूरी घटना सुनी और त्रिकुंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
