Raipur News: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। धरसीवां थाना क्षेत्र के कुंबरगढ़ स्थित प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर की बावड़ी में डूबने से दोनों बच्चों की जान चली गई। शनिवार सुबह खेलते-खेलते दोनों बच्चे बावड़ी के पास पहुंच गए, जहां संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में गिर गए।![]()
बावड़ी में डूबने से बच्चों की मौत
धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान के अनुसार मृतकों की पहचान साक्षी साहू (7) और श्रवण धीवर (4) निवासी कुर्रा गांव के रूप में हुई है। शनिवार सुबह दोनों बच्चे अन्य बच्चों के साथ मंदिर परिसर के आसपास खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे प्राचीन बावड़ी के किनारे पहुंच गए और अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में गिर गए।
काफी देर तक बच्चे दिखाई नहीं देने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को बावड़ी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर धरसीवां पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यह प्राचीन बावड़ी काफी गहरी है, लेकिन इसके आसपास न तो मजबूत घेराबंदी की गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई थी, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से बावड़ी के चारों ओर सुरक्षा दीवार या मजबूत जाली लगाने और चेतावनी बोर्ड स्थापित करने की मांग की है।


