CG News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के एक सरकारी अस्पताल में ड्यूटी के दौरान शराब और चिकन पार्टी करने का मामला सामने आया है। अस्पताल के एक कमरे में फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय अपने साथियों के साथ पार्टी करते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी का है।![]()
ड्यूटी के दौरान पार्टी
जानकारी के अनुसार फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा मंगलवार को अपने साथियों के साथ अस्पताल के एक कमरे में शराब और चिकन पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो में दिखी शराब और चिकन पार्टी
वायरल वीडियो में फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय और अन्य लोग कुर्सियों पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। टेबल पर डिस्पोजल गिलास, शराब की बोतलें, चिकन और सिगरेट का डिब्बा भी नजर आ रहा है। वीडियो बनाए जाने के दौरान सभी लोग धीरे-धीरे कमरे से बाहर निकलते दिखाई दिए।
ग्रामीणों में नाराजगी
घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में इस तरह की गतिविधि बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। ग्रामीणों ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दोनों कर्मचारी निलंबित
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा ने फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि मामले में विभागीय कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



