CG Teacher Drunk: जांजगीर-चांपा जिले के भुईगांव स्थित शासकीय स्कूल में पदस्थ प्रधान पाठक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रधान पाठक कथित रूप से नशे की हालत में दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गांव के एक जनप्रतिनिधि ने बनाया है।
मामला तब सामने आया, जब स्कूल में प्रधान पाठक के व्यवहार को लेकर जनप्रतिनिधि को जानकारी मिली। इसके बाद वे स्कूल पहुंचे और प्रधान पाठक को समझाइश देने का प्रयास किया। इसी दौरान पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया गया।
महिला शिक्षिका से अभद्र व्यवहार
आरोप है कि प्रधान पाठक ने स्कूल में मौजूद एक महिला शिक्षिका के साथ छात्र-छात्राओं के सामने अभद्र व्यवहार किया। घटना के समय स्कूल में बच्चे भी मौजूद थे, जिसके कारण वहां विवाद की स्थिति बन गई।
जनप्रतिनिधि का कहना है कि उन्होंने प्रधान पाठक को स्कूल में इस तरह का व्यवहार नहीं करने की समझाइश दी। इस पर प्रधान पाठक ने जवाब दिया कि जहां शिकायत करना है, कर लो।
प्रधान पाठक की पहचान योगेश्वर सिंह कंवर के रूप में हुई है। वे भुईगांव भांठापारा स्थित शासकीय स्कूल में पदस्थ हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले की चर्चा शुरू हो गई है।
