CG Weather Update: राजधानी रायपुर में पिछले दो दिनों से लोग गर्मी और उमस से परेशान हैं। वहीं प्रदेश के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 27 जून से पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।![]()
इन क्षेत्रों में हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार कुसमी, बस्तर और बकावंड में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं बलरामपुर और गीदम में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। रायपुर शहर में 26 जून को गरज-चमक के साथ वर्षा और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी तक पहुंच चुकी है। विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों में मानसून छत्तीसगढ़ के शेष क्षेत्रों में भी पहुंच जाएगा।
इसके अलावा उत्तर राजस्थान से बिहार तक एक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। वहीं उत्तर-पूर्व और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है। दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर भी एक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 26 जून को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान जताया है। आज रायपुर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।


