CG News: कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम गुरमा में चिकन का भाव पूछने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। एक मजदूर ने आरोप लगाया है कि चिकन की कीमत को लेकर हुई बहस के बाद दुकानदार, उसके बेटे और एक कर्मचारी ने मिलकर उसकी डंडे से पिटाई कर दी। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।![]()
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गुरमा निवासी रासराम मंझवार मजदूरी का काम करते हैं। वे गांव में संचालित एक चिकन दुकान पर खरीदारी करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने दुकानदार से अच्छी चिकन काटकर देने की बात कही। दुकानदार द्वारा समय लगने की बात कहे जाने पर रासराम ने चिकन का भाव पूछा।
शिकायत के मुताबिक दुकानदार ने चिकन की कीमत 200 रुपये प्रति किलो बताई। इस पर रासराम ने कहा कि दूसरे गांव में चिकन कम कीमत पर मिल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि विवाद के दौरान दुकानदार ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने अपने बेटे और दुकान में काम करने वाले कर्मचारी को बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर रासराम के साथ मारपीट की।
रासराम ने बताया कि हमले में उसके सिर, आंख के पास, पीठ, कमर और पैरों पर चोटें आई हैं। आंख के पास गंभीर चोट लगने से खून भी निकला। मारपीट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे आरोपियों से छुड़ाया।
घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




