Khairagarh ATM Todfod: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में ATM मशीन तोड़कर पैसे लूटने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम देने की कोशिश करने वाला आरोपी पुलिस की तेज कार्रवाई के आगे ज्यादा देर तक नहीं टिक सका।
घटना 14 अप्रैल की है, जब उदयपुर स्थित एक ATM में तोड़फोड़ की वारदात सामने आई। मशीन की देखरेख करने वाले कर्मचारी ने जब ATM बंद पाया तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गया। मशीन और लॉबी में तोड़फोड़ के निशान मिले, जिससे साफ था कि किसी ने पूरी तैयारी के साथ कैश निकालने की कोशिश की थी, लेकिन हाई-टेक सुरक्षा व्यवस्था के चलते आरोपी सफल नहीं हो पाया।
सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, आसपास की गतिविधियों और संदिग्ध मूवमेंट के आधार पर जांच तेज की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर बचने की कोशिश करता नजर आया, जिस पर पुलिस को शक हुआ।
पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान चंपालाल जंघेल (40 वर्ष), निवासी ग्राम उदयपुर के रूप में हुई। उसने ATM में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करना कबूल कर लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

