CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में नौतपा शुरू होते ही भीषण गर्मी और हीटवेव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। नौतपा के दूसरे दिन मंगलवार को राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
प्रदेश के कई हिस्सों में ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। बिलासपुर में 44.5 डिग्री, दुर्ग में 44.7 डिग्री, अंबिकापुर में 42.4 डिग्री, जगदलपुर में 42 डिग्री और पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं। लोग तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। इसके बाद 29 मई से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। कई जिलों में मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है।
इन इलाकों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
प्रदेश के दक्षिणी जिलों सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवा और हल्की बारिश हो सकती है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में बुधवार को भी हीटवेव का असर बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।


