Bilaspur News: ड्रग्स बेचने ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी, पुलिस ने धर दबोचा

Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चकरभाठा पुलिस ने एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26.05 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स और एक कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 12 लाख 95 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम रहंगी स्थित खोलीभाटा मैदान में कार क्रमांक CG 28 L 8130 में सवार दो युवक मादक पदार्थ एमडीएमए रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही चकरभाठा थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।

 

पुलिस टीम को देखते ही आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 26.05 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशीले पदार्थ की बिक्री के उद्देश्य से वहां पहुंचे थे।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रेश बलेचा और महेश वर्मा के रूप में हुई है, जो चकरभाठा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस नेटवर्क से जुड़े हैं और ड्रग्स की सप्लाई कहां से की जा रही थी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *