CG News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घोघरा डैम में डूब रही अपनी मासूम बेटी को बचाने के प्रयास में एक गर्भवती मां ने भी जान गंवा दी। हादसे में मां और 8 वर्षीय बेटी की डूबने से मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रही। बताया जा रहा है कि मृतका महिला छह माह की गर्भवती थी। घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बालाझर की है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर सुकांति तिग्गा अपनी दो बेटियों के साथ गांव के घोघरा डैम में नहाने गई थी। इसी दौरान उसकी 8 वर्षीय बेटी मीनाक्षी तिग्गा अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
बेटी को बचाने मां ने लगाई छलांग
बेटी को डूबता देख मां सुकांति तिग्गा और उसकी बड़ी बेटी ने तुरंत डैम में छलांग लगा दी। बड़ी बेटी किसी तरह तैरकर बाहर निकल आई, लेकिन सुकांति तिग्गा और छोटी बेटी गहरे पानी में समा गईं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने काफी देर तक तलाश की, जिसके बाद मां और बेटी के शव डैम से बाहर निकाले गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
