CG Murder: खाना नहीं बनाने पर बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर मां को उतारा मौत के घाट

CG Murder: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी दिव्यांग मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूरी पर वारदात हुई।

 

मृतका की पहचान सरस्वती पटेल (40 वर्ष) के रूप में हुई है। शनिवार देर रात मां और बेटे के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी अश्वनी पटेल ने गुस्से में आकर घर में रखे डंडे से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर, माथे, हाथ, छाती और पेट में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

भतीजे ने दी पुलिस को सूचना

 

घटना की जानकारी मृतका के भतीजे मनीष पटेल ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डॉक्टरों की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।

 

आरोपी ने कबूला जुर्म

 

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मृतका के बेटे अश्वनी पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि मां द्वारा खाना नहीं बनाए जाने से वह नाराज था, जिसके बाद उसने गुस्से में हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।

 

आरोपी गिरफ्तार

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया। जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक खगेन पठारे ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *