Raipur Murder: छत्तीसगढ़ में अपराध करने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला राजधानी रायपुर से सामने आया है जहां उरला थाना क्षेत्र स्थित सरोरा इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपने ही साले की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना बुधवार रात करीब 9 बजे मजदूर नगर सरोरा की है। हत्या के बाद आरोपी ने खुद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी और मौके पर पहुंची पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
मृतक की पहचान गिरधर गोपाल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम प्रकाश साहू बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
उरला पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रकाश साहू पिछले तीन साल से अपनी ससुराल में रह रहा था। इस बात को लेकर उसका साला गिरधर गोपाल अक्सर उसे ताना मारता था। बुधवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान फिर से ससुराल में रहने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि प्रकाश साहू ने गुस्से में आकर गिरधर पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से गिरधर की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी ने खुद किया सरेंडर
वारदात के बाद आरोपी ने खुद डायल-112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां आरोपी ने बिना विरोध किए सरेंडर कर दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया है।
मानसिक तनाव में था आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी प्रकाश साहू मानसिक तनाव में रहता था और उसका ससुराल पक्ष के लोगों के साथ अक्सर विवाद होता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।


