CG Murder: जंगल में युवती की अर्धनग्न लाश, चेहरा कुचला; हत्या की आशंका

CG Murder

CG Murder: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवती की अर्धनग्न हालत में लाश मिली है। युवती का शव तुमीडीह डैम के पास जंगल में पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का बताया जा रहा है। मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।

tcw

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम कुछ लोगों ने तुमीडीह डैम किनारे जंगल में एक युवती का शव देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर युवती की डेडबॉडी औंधे मुंह जमीन पर पड़ी हुई थी। शव के पास ही उसके कपड़े भी बिखरे मिले।

पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या के बाद उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई। मृतका के चेहरे को पत्थर से कुचल दिया गया था। इसके अलावा गले और गर्दन के पीछे धारदार हथियार से वार के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। आसपास के ग्रामीणों और लोगों से पूछताछ के बावजूद युवती की पहचान नहीं हो सकी है। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए घरघोड़ा अस्पताल भेज दिया।

मृतका की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना भेजी है। साथ ही गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाने के साथ इलाके के लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल हत्या के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *