CG Drug Network: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने पंजाब से जुड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का बड़ा खुलासा करते हुए 97.63 ग्राम हेरोइन के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57 हजार 800 रुपए नकद, 5 मोबाइल फोन, एक अल्टो कार और एक स्कूटी भी जब्त की है। जब्त हेरोइन की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस को इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की भी आशंका है।![]()
जानकारी के अनुसार, एसएसपी रजनेश सिंह को सूचना मिली थी कि पंजाब से हेरोइन की खेप बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंचने वाली है। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी पंकज पटेल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें निरीक्षक निलेश पांडेय और सरकंडा थाना पुलिस को शामिल किया गया। टीम ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिस ने बताए गए हुलिए के अनुसार दो युवकों को एक अल्टो कार के पास पहुंचते देखा। शक होने पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर पांच लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 97.63 ग्राम प्रतिबंधित हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा 57,800 रुपए नकद और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 38 हजार रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब के अमृतसर निवासी जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह मुख्य सप्लायर बताए जा रहे हैं। वहीं मुंगेली निवासी शेख अल्ताफ, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक स्थानीय स्तर पर नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपी बिना किसी वैध दस्तावेज के नशीला पदार्थ लेकर पहुंचे थे और उसकी सप्लाई की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। अधिकारियों को आशंका है कि पंजाब के जरिए सीमावर्ती इलाकों से हेरोइन की सप्लाई देश के कई हिस्सों में की जा रही थी। मामले में तोरवा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

