CG Murder: रायगढ़ जिले में शराब पीने से मना करने पर बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी। आरोपी ने कुल्हाड़ी से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना खरसिया थाना क्षेत्र के रानी सागर गांव की है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रानी सागर निवासी राजकुमार गिरी (40) को शराब पीने की आदत थी। उसके पिता धरम गिरी (62) अक्सर उसे शराब पीने से मना करते थे। मंगलवार रात भी पिता ने बेटे को शराब पीने से रोका, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर गुस्से में आए राजकुमार ने कुल्हाड़ी से पिता के सिर के पीछे हिस्से पर जोरदार वार कर दिया। हमले में धरम गिरी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
आरोपी बेटा हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद खरसिया थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी बेटे राजकुमार गिरी को हिरासत में ले लिया।
शराब पीने से रोकने पर पिता की हत्या
खरसिया एसडीओपी सतीश भार्गव ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिता द्वारा शराब पीने से रोकने पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे पिता की मौत हो गई। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


