Kanak Tiwari Death: पूर्व महाधिवक्ता-लेखक कनक तिवारी का निधन, संविधान और आदिवासी अधिकारों पर लेखन से बनाई अलग पहचान

Kanak Tiwari Death: छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, वरिष्ठ विधिवेत्ता, गांधीवादी चिंतक और लेखक कनक तिवारी का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे। बुधवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से न्यायिक, साहित्यिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।

Kanak Tiwari Death: छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, वरिष्ठ विधिवेत्ता, गांधीवादी चिंतक और लेखक कनक तिवारी का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे। बुधवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से न्यायिक, साहित्यिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।

कनक तिवारी का जन्म 26 जुलाई 1940 को हुआ था। वे भारतीय संविधान, गांधीवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय और आदिवासी अधिकारों पर अपनी गहरी समझ और लेखन के लिए देशभर में पहचाने जाते थे। उन्होंने लंबे समय तक लेखों और पुस्तकों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को प्रमुखता से उठाया।

प्रोफेसर से पत्रकार और फिर बने वरिष्ठ अधिवक्ता

कनक तिवारी ने अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत अंग्रेजी साहित्य के प्राध्यापक के रूप में की। करीब आठ-नौ वर्षों तक उन्होंने महाविद्यालयों में अध्यापन किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारिता का रुख किया और पीटीआई, नवभारत टाइम्स, नवभारत तथा नागपुर टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे।

साल 1971 में उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से एलएलबी की परीक्षा स्वर्ण पदक के साथ उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने वकालत शुरू की और संवैधानिक मामलों के साथ सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाई।

मजदूर और मानवाधिकार के मुद्दों पर रहे मुखर

कनक तिवारी का नाम छत्तीसगढ़ के मजदूर आंदोलन से भी जुड़ा रहा। शंकर गुहा नियोगी की हत्या के बाद उनसे जुड़े कानूनी मामलों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे अदालतों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि मजदूर अधिकार, मानवाधिकार और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर भी लगातार अपनी आवाज उठाते रहे।

महाधिवक्ता पद से हटाए जाने पर उठाए थे सवाल

दिसंबर 2018 में भूपेश बघेल सरकार ने कनक तिवारी को छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता नियुक्त किया था। जून 2019 में उन्हें इस पद से हटा दिया गया। उस समय उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है और सवाल उठाया था कि बिना इस्तीफे के उसे स्वीकार कैसे किया गया।

आदिवासी अधिकारों और संविधान पर लिखा व्यापक साहित्य

कनक तिवारी ने आदिवासी समाज, उनके अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों पर कई महत्वपूर्ण पुस्तकें लिखीं। वर्ष 2021 में उनकी पुस्तक ‘आदिवासी उपेक्षा की अंतर्कथा – ब्रिटिश हुकूमत से 21वीं सदी तक’ का विमोचन तत्कालीन राज्यपाल अनुसुईया उइके ने किया था।

वे मानते थे कि जंगल और पहाड़ आदिवासी जीवन के मूल आधार हैं और इन पर समुदाय का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। उनके लेखन में आदिवासी समाज की समस्याओं और अधिकारों को विशेष स्थान मिला।

गांधीवादी विचारधारा के प्रखर समर्थक थे

कनक तिवारी गांधी के अहिंसक विचारों से गहराई से प्रभावित थे। साथ ही उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर, राममनोहर लोहिया, जवाहरलाल नेहरू और भगत सिंह के विचारों का भी गंभीर अध्ययन किया था।

‘संविधान और हम भारत के लोग’, ‘फिर से हिंद स्वराज’ और ‘बस्तर – लाल क्रांति बनाम ग्रीन हंट’ उनकी प्रमुख पुस्तकों में शामिल हैं, जिन्हें सामाजिक और संवैधानिक विमर्श में महत्वपूर्ण माना जाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *