Raipur Congress Rally: संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस आज राजधानी रायपुर में “वोट बचाओ-देश बचाओ” अभियान के तहत संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। इस मार्च में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम के जरिए संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक निकलेगी रैली
गांधी मैदान से शुरू होकर अंबेडकर चौक तक पहुंचने वाला यह मार्च दोपहर करीब 12 बजे निकलेगा। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा गांधी मैदान में होगा, जहां से सभी पैदल रैली के रूप में अंबेडकर चौक तक जाएंगे।
मार्च में कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों को भी शामिल होने का निमंत्रण दिया है। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों, गैर सरकारी संस्थाओं और आम नागरिकों से भी बड़ी संख्या में भागीदारी की अपील की गई है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिक मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कांग्रेस का दावा है कि इस अभियान के माध्यम से संविधान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।


