CG News: अंबिकापुर स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले 9वीं कक्षा के छात्र ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में छात्र की रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
छात्र के पिता का आरोप है कि बेटा हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था। वह वहां से भागकर अपनी बुआ के घर चला गया था, लेकिन स्कूल प्रबंधन उसे वापस हॉस्टल ले आया। पिता का कहना है कि छात्र को कमरे में बंद कर धमकाया गया, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया।
परिजनों की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर, एचआर, हॉस्टल वार्डन और मार्केटिंग हेड के खिलाफ मामला दर्ज कर सभी चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पिता से कहा था- हॉस्टल में अच्छा नहीं लग रहा
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र निवासी छात्र सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ता है। परिजनों ने उसकी पढ़ाई के लिए उसे स्कूल के हॉस्टल में रखा था।
दीपावली की छुट्टियां खत्म होने के बाद छात्र वापस हॉस्टल पहुंचा था। छात्र के पिता अरुण कुमार गुप्ता के मुताबिक, 22 नवंबर को बेटे ने हॉस्टल से निकलकर उन्हें फोन किया और कहा कि उसे वहां अच्छा नहीं लग रहा है और वह हॉस्टल में नहीं रह सकता।

बुआ के घर से वापस हॉस्टल ले गए
पिता ने बताया कि छात्र हॉस्टल से निकलकर अपनी बुआ के घर चला गया था। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से संपर्क कर अनुरोध किया था कि उनके आने तक बच्चे को वापस न ले जाया जाए। लेकिन आरोप है कि स्कूल प्रबंधन के लोग बच्चे को वहां से लेकर हॉस्टल पहुंच गए।
कमरे में बंद कर धमकाने का आरोप
अरुण कुमार गुप्ता का आरोप है कि उनके जीजा भी छात्र के साथ हॉस्टल गए थे और उन्होंने परिजन के तौर पर बच्चे को अपने साथ रखने की बात कही थी। लेकिन प्रबंधन ने छात्र को उनके साथ भेजने से इनकार कर दिया।
पिता का आरोप है कि छात्र को उसके कमरे में बंद कर दिया गया और उसे धमकी दी गई कि दोबारा भागने पर हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे। इसके बाद छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
असिस्टेंट डायरेक्टर समेत 4 गिरफ्तार
- सूरज मित्तल – असिस्टेंट डायरेक्टर
- उत्कर्ष – मार्केटिंग हेड
- अवधेश शर्मा – हॉस्टल वार्डन
- कुणाल – HR
गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छात्र को वाराणसी किया गया रेफर
गांधीनगर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। घायल छात्र को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी भेजा गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


