CG Lecturer Vacancy: छत्तीसगढ़ में व्याख्याता भर्ती परीक्षा 29 नवंबर को आयोजित की जाएगी। बस्तर जिले में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 3,771 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल और जिला प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम 2 से 2.30 घंटे पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से जांच, फ्रिस्किंग और प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र का सत्यापन किया जाएगा। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।
जरूरी दस्तावेज साथ रखें
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के सभी पृष्ठों का एक तरफा प्रिंट लेकर आना होगा। इसकी एक प्रति परीक्षा केंद्र में जमा करनी होगी। साथ ही आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड जैसे फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य रहेगा। यदि प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट नहीं है, तो दो रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो भी साथ रखने होंगे।
ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य
परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और पैरों में चप्पल पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनने की अनुमति नहीं होगी। बिना जेब वाले साधारण स्वेटर की अनुमति रहेगी, लेकिन जांच के दौरान उसे उतारना होगा।
परीक्षा केंद्र में बाली, झुमके, घड़ी, मोबाइल, पर्स, बेल्ट, जूते, मोजे, स्कार्फ, टोपी, चश्मा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और किसी भी प्रकार के संचार उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। धार्मिक या सांस्कृतिक परिधान पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच के लिए पहले पहुंचना होगा।
15 केंद्रों पर होगी परीक्षा
बस्तर जिले में शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शासकीय दंतेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकेंडरी स्कूल, सेजेस कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश एवं हिंदी मीडियम स्कूल, स्वामी विवेकानंद एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल आड़ावाल और आसना, भगत सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल, बाल विहार हायर सेकेंडरी स्कूल, निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल तथा क्रांतिकारी ढेबरीधूर कॉलेज सहित कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
वेबसाइट से डाउनलोड करें प्रवेश पत्र
अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट http://vyapamcg.cgstate.gov.in या http://cgssb.cgstate.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव समन्वयक तथा डॉ. अजय सिंह ठाकुर सहायक समन्वयक बनाए गए हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 या मोबाइल नंबर 8827920164 पर कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं।


