Raipur News: रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में करीब चार महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ है। विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच में सामने आया है कि परिवार के मुखिया साजिद अली ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में कीटनाशक मिलाकर दिया, इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जांच में यह भी सामने आया है कि साजिद अली सट्टे के कारोबार में लगातार नुकसान झेल रहा था। आर्थिक तंगी, कर्ज और नशे की लत के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। पुलिस ने आर्थिक संकट को इस घटना की मुख्य वजह माना है।
सट्टे में नुकसान के बाद बिगड़ी आर्थिक स्थिति
एसआईटी जांच के अनुसार साजिद अली गोलबाजार और डगनिया क्षेत्र में मोबाइल के जरिए सट्टे का कारोबार करता था। कारोबार में लगातार नुकसान होने के बाद उसने यह काम बंद कर दिया था, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई।
जांच के दौरान पुलिस ने उसके बैंक खातों की भी पड़ताल की। पिछले पांच वर्षों में खातों से करीब 70 लाख रुपए के लेनदेन की जानकारी मिली। जांच एजेंसी का मानना है कि आर्थिक तंगी और सट्टे में हुए नुकसान ने उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया।
बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था
साजिद अली मौदहापारा इलाके में बैटरी रिपेयरिंग की दुकान संचालित करता था। शुरुआत में वह ठेले पर काम करता था, बाद में उसने अपनी दुकान खोल ली थी।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि वह नशे का आदी था और पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में रह रहा था। करीब 15 वर्षों से वह अपने भाइयों और बहनों से अलग रह रहा था। भिलाई में रहने वाले ससुराल पक्ष से भी उसका संपर्क बहुत कम था। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ लोग उससे उधार दिए गए पैसे की मांग करने उसके घर आते थे।
घटना से पहले बेटे को घर बुलाया
पुलिस के अनुसार घटना से पहले साजिद ने देर रात करीब 12:30 बजे अपने बेटे इरशाद को फोन कर तुरंत घर बुलाया था। घर पहुंचने के बाद परिवार ने साथ बैठकर रसगुल्ला और पेड़ा खाया। इसके बाद साजिद के अलावा परिवार का कोई सदस्य घर से बाहर नहीं निकला।
चार महीने की जांच के बाद हुआ खुलासा
17 जुलाई 2026 को संजय नगर स्थित घर में साजिद अली, उसकी पत्नी, बेटे और दो बेटियों के शव मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एसआईटी को सौंपी गई थी।
करीब चार महीने तक बैंक खातों, आर्थिक लेनदेन और सट्टे के कारोबार से जुड़े पहलुओं की जांच के बाद एसआईटी इस निष्कर्ष पर पहुंची कि साजिद अली ने पहले पत्नी और तीन बच्चों को जहर दिया और बाद में स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।




