CG Sports: रायपुर के मोवा स्थित आईस्पोर्ट्ज़ बैडमिंटन एरिना में 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने किया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका परिचय लिया और खेल से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैडमिंटन में धैर्य और एकाग्रता जरूरी
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बैडमिंटन केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं है, बल्कि इसमें धैर्य, एकाग्रता, फुर्ती और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता भी जरूरी होती है। इस खेल में खिलाड़ी को अनुशासन के साथ लगातार मेहनत करनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों के अनुभव को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बैडमिंटन स्टेडियम निर्माण के लिए भी स्वीकृति दी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी बढ़ा रहे नाम
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। हाल ही में एशियन पैरा गेम्स-2026 में प्रदेश के अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अभिजीत सखूजा की उपलब्धि पर 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। यह खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
खिलाड़ियों को ओलंपिक तक पहुंचाने का लक्ष्य
अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी ओलंपिक जैसे बड़े मंचों तक पहुंचे और देश के लिए पदक जीतें। इसके लिए खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और प्रदेश से नई खेल प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। खेल के माध्यम से खिलाड़ी अपना भविष्य बनाने के साथ ही देश और प्रदेश का नाम भी रोशन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिसोदिया, सचिव संजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय भंसाली सहित अन्य पदाधिकारी, खेल अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।



