CG News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र में पुलिस की कथित मारपीट के बाद तालाब में कूदे युवक का शव 24 घंटे बाद बरामद होने से इलाके में तनाव का माहौल है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे दोषियों पर कार्रवाई के साथ पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों का आरोप है कि बीती रात करीब 2 बजे हसौद थाना प्रभारी प्रशिक्षु जयराम साहू कुछ अनधिकृत लोगों के साथ गांव पहुंचे थे। इस दौरान कथित रूप से ग्रामीणों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि पुलिस की कथित पिटाई और भय के कारण एक युवक ने जान बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी।
घटना के बाद युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। करीब 24 घंटे बाद तालाब से युवक का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद गांव में माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है।



