CG Vidhan Sabha Report: छत्तीसगढ़ विधानसभा का अगला सत्र 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा। चार दिवसीय इस सत्र से पहले विधायकों की उपस्थिति और सदन में उनकी सक्रियता का रिपोर्ट कार्ड सामने आया है। 19 दिसंबर 2023 से 17 जुलाई 2026 तक के उपस्थिति रजिस्टर के अनुसार 79 कार्यदिवसों में भाजपा के छह विधायकों ने शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई है। (छत्तीसगढ़ विधायक रिपोर्ट कार्ड)
शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले भाजपा विधायकों में शकुंतला सिंह पोर्ते, प्रेमचंद पटेल, अनुज शर्मा, रोहित साहू, रिकेश सेन और दिवंगत डोमनलाल कोर्सेवाड़ा शामिल हैं। वहीं कांग्रेस के तीन विधायक चातुरी नंद, अंबिका मरकाम और यशोदा नीलाम्बर वर्मा 77-77 दिन सदन में उपस्थित रहीं। कांग्रेस का कोई भी विधायक पूरे 79 दिन उपस्थित नहीं रहा। (CG Vidhan Sabha Report)
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के एकमात्र विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम ने 73 दिन विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लिया। विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और मंत्रियों की उपस्थिति इस रिपोर्ट में शामिल नहीं है, क्योंकि वे उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर नहीं करते हैं।
रेणुका सिंह की सबसे कम उपस्थिति
सामान्य विधायकों में सबसे कम उपस्थिति भाजपा विधायक रेणुका सिंह सरुता की रही। उन्होंने 79 कार्यदिवसों में केवल 32 दिन उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं कोंटा से कांग्रेस विधायक कवासी लखमा 45 दिन उपस्थित रहे।
रायपुर पश्चिम के भाजपा विधायक राजेश मूणत और भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव 50-50 दिन सदन में मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 59 दिन और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल 63 दिन विधानसभा पहुंचे।
सवाल पूछने में विपक्ष आगे
विधानसभा में उपस्थिति के मुकाबले सवाल पूछने के मामले में विपक्ष ज्यादा सक्रिय नजर आया। सभी 79 दिन उपस्थित रहने वाले विधायकों में अनुज शर्मा ने सबसे ज्यादा 237 सवाल पूछे। इसके बाद रोहित साहू ने 115, रिकेश सेन ने 103, शकुंतला सिंह पोर्ते ने 56 और प्रेमचंद पटेल ने 51 सवाल लगाए।
सबसे ज्यादा सवाल पूछने वाले विधायकों में भावना बोहरा, धरमलाल कौशिक, अजय चंद्राकर और भोलाराम साहू शामिल रहे। भावना बोहरा ने 284 सवाल पूछे, जबकि धरमलाल कौशिक, अजय चंद्राकर और भोलाराम साहू ने भी 284-284 सवाल लगाए।
विपक्ष ने पूछे 3181 ज्यादा सवाल
छत्तीसगढ़ विधानसभा में फरवरी 2024 से जुलाई 2026 तक हुए सत्रों में विधायकों ने कुल 12,559 सवाल लगाए। इनमें विपक्ष के विधायकों ने 7,870 और सत्ता पक्ष के विधायकों ने 4,689 सवाल पूछे।
इस तरह विपक्ष ने सत्ता पक्ष की तुलना में 3,181 ज्यादा सवाल लगाकर सदन में अधिक सक्रियता दिखाई। विधानसभा की कार्य संचालन नियमावली के अनुसार एक बैठक में किसी विधायक के अधिकतम चार प्रश्न ही विचारार्थ लिए जाते हैं।



