Raipur Fraud: दीपक टंडन और बरखा को 28 नवंबर तक जेल, पुलिस ने जब्त की 2 लग्जरी गाड़ी

Raipur Fraud: रायपुर में ठगी, धोखाधड़ी और कथित ब्लैकमेलिंग के मामलों में गिरफ्तार दीपक अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 28 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस दौरान पुलिस ने जांच के दौरान दोनों के कब्जे से बलेनो कार और एक्सयूवी 700 सहित दो वाहन भी जब्त किए हैं।

न्यूज पोर्टल की आड़ में कथित ब्लैकमेलिंग के मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों से रिमांड के दौरान लगातार पूछताछ की। जांच में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है। पुलिस ने फिलहाल रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग नहीं की, जिसके बाद अदालत ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया।

Deepak Tandon

न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग का आरोप

पुलिस के अनुसार, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया के जरिए लोगों की छवि खराब करने वाली भ्रामक खबरें प्रसारित करने का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया है कि वह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से लोगों की तस्वीरों में कथित रूप से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था। इसके बाद ऐसी सामग्री हटाने या सार्वजनिक नहीं करने के नाम पर लोगों से रकम वसूलने का दबाव बनाया जाता था। इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था।

Deepak Tandon

6 नवंबर को रायपुर से हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में कई फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

होटल वेलकम श्री में भी हुई जांच

पुलिस रिमांड के दौरान जांच टीम दीपक टंडन को उसके होटल वेलकम श्री भी लेकर पहुंची। यहां होटल के कमरों और स्पा सेंटर की तलाशी ली गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान शराब की बोतलें, सिगरेट, ग्राहकों से संबंधित डायरी, मोबाइल नंबर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

जमीन और वाहनों से जुड़े दस्तावेज भी मिले

पुलिस के अनुसार, होटल परिसर से जमीन से जुड़े दस्तावेज, डायरी और वाहनों के कागजात भी बरामद किए गए हैं। एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है और मामले से जुड़े हर पहलू की पड़ताल जारी है। जांच के आधार पर आगे और कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *