CG Bird Tower: दुर्ग जिले के कुम्हारी के पास परसदा खार में पक्षियों के लिए एक अनोखा आशियाना तैयार किया गया है। यहां करीब 80 फीट ऊंचा 7 मंजिला बर्ड टॉवर बनाया गया है, जिसमें 768 घोंसले बनाए गए हैं। इस टॉवर में करीब 1500 से 2000 पक्षियों के रहने की व्यवस्था है। करीब 10 लाख रुपए की लागत से तैयार इस बर्ड टॉवर का उद्घाटन मंगलवार को राज्यपाल रमेन डेका ने किया।
इसे छत्तीसगढ़ का पहला बहुमंजिला पक्षी घर बताया जा रहा है। पक्षियों को सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुल्तानियां परिवार ने यह पहल की है। यह टॉवर हजारों पक्षियों के लिए एक सुरक्षित आशियाना बन गया है।
टॉवर के नीचे पक्षियों के लिए दाना और पानी की व्यवस्था की गई है, जबकि ऊपर की मंजिलों में उनके रहने के लिए छोटे-छोटे घोंसले बनाए गए हैं। बारिश के मौसम में जब पेड़ों पर पक्षियों के लिए सुरक्षित जगह मिलना मुश्किल हो जाता है, तब यह बर्ड टॉवर उनके लिए बेहतर ठिकाना साबित होता है।
बारिश में बढ़ जाती है पक्षियों की संख्या
विश्व गीता परिवार से जुड़े सुधीर सुल्तानियां ने बताया कि इस बर्ड टॉवर का उद्देश्य सिर्फ पक्षियों को दाना खिलाना नहीं, बल्कि उन्हें रहने के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना है। बारिश के मौसम में इस टॉवर में बड़ी संख्या में पक्षी पहुंचते हैं और कई बार पूरा टॉवर पक्षियों से भर जाता है।
उन्होंने बताया कि उनके पिता ने पक्षियों की सेवा का संकल्प लिया था, जिसे परिवार आगे बढ़ा रहा है। यहां अलग-अलग प्रजातियों के पक्षी देखने को मिलते हैं।
24 से 25 प्रजातियों के पक्षी मिले
सुधीर सुल्तानियां के अनुसार, वाइल्ड लाइफ से जुड़े लोगों ने इस बर्ड टॉवर में 24 से 25 अलग-अलग प्रजातियों के पक्षियों को देखा है। इनमें कुछ प्रवासी पक्षी भी शामिल हैं, जो दूसरे देशों से यहां पहुंचते हैं।
गौशाला में 300 बेसहारा गायों की भी व्यवस्था
विश्व गीता गौधाम परिसर में करीब 8 करोड़ रुपए की लागत से गौशाला, पक्षी घर और गौ-गोविंद मंदिर तैयार किए गए हैं। गौशाला में 300 बेसहारा और दूध नहीं देने वाली गायों को रखने की व्यवस्था की गई है।
करीब 60 फीट ऊंचे पक्षी घर में 768 घोंसले बनाए गए हैं, जहां 1500 से 2000 पक्षी रह सकते हैं। इसका निर्माण गौ सेवा समर्पण समिति के सदस्य गोपाल प्रसाद सुल्तानिया ने कराया है।
समिति के सदस्य पिछले 10 महीने से शहर की गौशालाओं में रोजाना 6 से 10 हजार रुपए की सब्जी और हरा चारा भी उपलब्ध करा रहे हैं।


