Amit Baghel Bail: अमित बघेल को सुप्रीम कोर्ट से राहत, हेट स्पीच के 14 मामलों में मिली जमानत

Amit Baghel Supreme Court Action:

Amit Baghel Bail: छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संस्थापक और जोहार छत्तीसगढ़िया पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित बघेल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने हेट स्पीच से जुड़े 14 आपराधिक मामलों में उन्हें नियमित जमानत दे दी है। इसके साथ ही रायपुर जिले से बाहर रहने की शर्त भी हटा दी गई है।

ये सभी मामले वीआईपी चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा से तोड़फोड़ की घटना के बाद दिए गए उनके कथित बयानों से जुड़े हैं। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद उन्हें इन मामलों में नियमित जमानत का लाभ मिल सकेगा।

पहले हाईकोर्ट से मिली थी अस्थायी जमानत

इससे पहले बिलासपुर हाईकोर्ट ने 9 अप्रैल 2026 को अमित बघेल को तीन महीने की अस्थायी जमानत दी थी। हालांकि, बलौदाबाजार आगजनी कांड से जुड़े अन्य मामलों में जेल में होने के कारण उन्हें 22 जुलाई को रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा किया गया था। उनकी अस्थायी जमानत 22 अक्टूबर को समाप्त हो गई थी।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर किया था सरेंडर

हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए अमित बघेल ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने 28 अक्टूबर को उन्हें दो सप्ताह के भीतर सभी 14 मामलों में सरेंडर करने का निर्देश दिया था। आदेश का पालन करते हुए उन्होंने 11 नवंबर को आत्मसमर्पण किया।

सुनवाई के दौरान अमित बघेल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे और अधिवक्ता हर्षवर्धन परगनिहा ने पक्ष रखा। उन्होंने अदालत को बताया कि जिन मामलों में अधिकतम तीन वर्ष की सजा का प्रावधान है, उनमें अमित बघेल सात महीने से अधिक समय न्यायिक हिरासत में बिता चुके हैं। साथ ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए सभी मामलों में सरेंडर भी किया।

 

सरकार ने किया जमानत का विरोध

राज्य सरकार ने जमानत का विरोध करते हुए अदालत को बताया कि अमित बघेल के खिलाफ इन 14 मामलों के अलावा 19 अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। सरकार ने यह भी कहा कि अस्थायी जमानत की अवधि समाप्त होने के बाद उन्होंने तत्काल आत्मसमर्पण नहीं किया था। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें नियमित जमानत दे दी।

प्रतिमा विवाद के बाद दर्ज हुए थे मामले

पूरा मामला 26 अक्टूबर 2025 को रायपुर के वीआईपी चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा से तोड़फोड़ की घटना के बाद शुरू हुआ था। घटना के बाद अमित बघेल की ओर से दिए गए कथित बयानों को लेकर प्रदेश के विभिन्न थानों में हेट स्पीच से जुड़े कई मामले दर्ज किए गए थे। इस मामले को लेकर प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन भी हुए थे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *