Raipur Child Trafficking: रायपुर में जाति-धर्म बताकर 5-10 लाख में बेचते थे बच्चे, 3 महिलाएं अरेस्ट

Raipur Child Trafficking: राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कमिश्नरेट पुलिस ने लैब टेक्नीशियन समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह नवजात बच्चों की जाति और धर्म बताकर उनकी 5 से 10 लाख रुपए तक में सौदेबाजी करता था। खरीदारों को बच्चे का फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाकर उन्हें कानूनी रूप से माता-पिता दिखाने की भी साजिश रची जाती थी।

Raipur Child Trafficking: राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कमिश्नरेट पुलिस ने लैब टेक्नीशियन समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह नवजात बच्चों की जाति और धर्म बताकर उनकी 5 से 10 लाख रुपए तक में सौदेबाजी करता था। खरीदारों को बच्चे का फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाकर उन्हें कानूनी रूप से माता-पिता दिखाने की भी साजिश रची जाती थी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क केवल रायपुर तक सीमित नहीं था। इसके तार ओडिशा, रायगढ़, बिलासपुर, मुंबई, अहमदाबाद, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, चेन्नई और गुजरात तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं। आरोपी सड़क, ट्रेन और फ्लाइट के जरिए नवजात बच्चों को अलग-अलग शहरों तक पहुंचाते थे।

मुफ्त इलाज और प्रसव का झांसा देकर फंसाते थे महिलाएं

पुलिस के मुताबिक गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को मुफ्त इलाज, सुरक्षित प्रसव और बच्चे की देखभाल का भरोसा देकर रायपुर बुलाता था। डिलीवरी के बाद मां और नवजात को अलग-अलग स्थानों पर रखा जाता था, जबकि दूसरी ओर बच्चे की खरीदारों से सौदेबाजी शुरू कर दी जाती थी।

 

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब ओडिशा के सुंदरगढ़ की 21 वर्षीय महिला ने आरोपियों की बातचीत सुन ली। उसे पता चला कि उसके नवजात बच्चे को बेचने की तैयारी चल रही है। मौका मिलते ही वह घर से निकलकर पुलिस के पास पहुंच गई और शिकायत दर्ज कराई।

8 लाख में तय हुआ था नवजात का सौदा

जांच में पता चला कि महिला के नवजात बच्चे का भिलाई के एक दंपती से करीब 8 लाख रुपए में सौदा तय किया गया था। इस रकम में से 5 लाख और 3 लाख रुपए दो महिलाओं को कमीशन के रूप में मिलने थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाकर खरीदारों को बनाते थे माता-पिता

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर खरीदारों को बच्चे का वास्तविक अभिभावक दर्शाता था। आरोप है कि कुछ निजी अस्पतालों में गर्भवती महिला की जगह उस महिला का नाम दर्ज कराया जाता था, जिसे बच्चा दिया जाना होता था। इसी आधार पर जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराया जाता था।

अस्पतालों की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस तीन निजी अस्पतालों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आरोप है कि अस्पतालों से नगर निगम को गलत जन्म पंजीयन भेजे गए, जिनके आधार पर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार हुए। एक डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है, जबकि अन्य अस्पतालों के डॉक्टरों से भी पूछताछ जारी है। साक्ष्य मिलने पर संबंधित अस्पतालों के खिलाफ अलग से कार्रवाई की जाएगी।

वॉट्सऐप ग्रुप में होती थी बच्चों की सौदेबाजी

आरोपियों के मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों से पता चला है कि बच्चों की तस्वीरें, जन्म तिथि, वजन, जाति और धर्म जैसी जानकारियां वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए संभावित खरीदारों तक भेजी जाती थीं। इन्हीं जानकारियों के आधार पर बच्चों की कीमत तय होती थी।

15 से 20 बच्चों का मिला रिकॉर्ड

पुलिस को शुरुआती जांच में 15 से 20 बच्चों की तस्वीरें और उनसे जुड़ा डेटा मिला है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल से कई रिकॉर्ड डिलीट किए गए हैं। अब मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे, जिससे इस पूरे नेटवर्क का वास्तविक दायरा सामने आने की उम्मीद है।

नेटवर्क की कई और कड़ियां तलाश रही पुलिस

पुलिस का मानना है कि इस गिरोह में बच्चों की व्यवस्था करने, खरीदार तलाशने, फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और पैसों के लेन-देन को संभालने वाले कई अन्य लोग भी शामिल हैं। बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन और कॉल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *