बलरामपुर : बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर से तीन नाबालिग बच्चों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। इन बच्चों की उम्र 12 से 13 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने बच्चों के गुम होने को लेकर वाड्रफनगर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत वाड्रफनगर के वार्ड क्रमांक-3 से एक बच्चा अचानक लापता हो गया। धीरे-धीरे दो अन्य बच्चों के लापता होने की खबर भी सामने आई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों को आशंका है कि इन मासूम बच्चों को बहला-फुसलाकर दूसरे राज्यों में मजदूरी के लिए ले जाया गया होगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच शुरू कर दी है। वाड्रफनगर पुलिस ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चों की जल्द से जल्द बरामदगी का भरोसा दिलाया है।
परिजनों के अनुसार, बच्चों का अचानक गायब हो जाना किसी सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करता है। इस घटना से पूरे मोहल्ले में डर का माहौल बना हुआ है। परिजन लगातार प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि उनके बच्चों को जल्द सुरक्षित घर लौटाया जाए।
