बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खड़ेनाडीह से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। जहां बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ससुर को करंट देकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या को छुपाने की कोशिश की गई, लेकिन श्मशान घाट में शव पर चोट के गहरे निशान देखकर ग्रामीणों को शक हुआ और हत्या का राज खुल गया।

हारमोनियम सिखाने आता था प्रेमी, ससुर को था ऐतराज़
मृतक मनोहर निर्मलकर (63) की बहू गीता निर्मलकर (30) गांव की सेवा मंडली में भजन गाती थी। इसी दौरान उसकी पहचान लेखराम निषाद (45) से हुई, जो पास के गांव का संगीतकार है। बहाने से वह अक्सर रात को गीता के घर आता था। मनोहर को इस रिश्ते पर आपत्ति थी और वह गाली-गलौज करता था। इसी कारण बहू और प्रेमी ने साजिश रचकर हत्या कर दी।

जख्म के निशान छिपाने लगाई हल्दी-गुलाल
हत्या की रात लेखराम बिजली तार, लोहे की रॉड और प्लास्टिक ग्लव्स लेकर घर आया। गीता ने ससुर के गले, माथे और सीने पर रॉड लगाई और लेखराम ने प्लग ऑन कर दिया। हत्या के बाद शरीर पर लगे घाव हल्दी और गुलाल लगाकर छिपा दिए गए और शराब पीकर गिरने की कहानी बना दी गई।

सुबह गीता ने बताया कि ससुर साइकिल से गिरकर मर गए। लेकिन प्रेमी लेखराम ने बिना पूरे परिवार की मौजूदगी के ही जल्दी अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। वह खुद अर्थी बनवाकर शव को श्मशान ले गया। श्मशान में जब कफन हटाया गया तो शरीर पर करंट से बने गहरे घाव दिखे। इस पर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को बुलाया।
ऐसे हुआ हत्या का खुलासा
एसडीओपी देवांश सिंह राठौर के अनुसार, गीता और लेखराम ने मिलकर पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल तार, रॉड, ग्लव्स जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपी अब पुलिस हिरासत में हैं।
