CG Driver Strike: छत्तीसगढ़ में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर ड्राइवर, परिवहन व्यवस्था प्रभावित; यात्री परेशान, चक्काजाम की चेतावनी

CG Driver Strike: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने से ठीक पहले ड्राइवरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो गई है। ड्राइवर आयोग का गठन, वेलफेयर बोर्ड और सुरक्षा कानून सहित विभिन्न मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन ने 'स्टीयरिंग छोड़ो' आंदोलन का ऐलान किया है। हड़ताल का असर कई जिलों में परिवहन व्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। खनिज परिवहन ठप हो गया है, बसों का संचालन प्रभावित हुआ है और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

CG Driver Strike: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने से ठीक पहले ड्राइवरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो गई है। ड्राइवर आयोग का गठन, वेलफेयर बोर्ड और सुरक्षा कानून सहित विभिन्न मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन ने ‘स्टीयरिंग छोड़ो’ आंदोलन का ऐलान किया है। हड़ताल का असर कई जिलों में परिवहन व्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। खनिज परिवहन ठप हो गया है, बसों का संचालन प्रभावित हुआ है और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हड़ताल के चलते कई स्थानों पर प्रदर्शनकारी ड्राइवरों ने सड़क पर उतरकर वाहनों को रोका। कुछ जगहों पर हड़ताल में शामिल नहीं होने वाले चालकों का विरोध भी किया गया। प्रशासन और पुलिस की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

हड़ताल से परिवहन व्यवस्था प्रभावित

दंतेवाड़ा में लौह अयस्क का परिवहन पूरी तरह ठप हो गया है। जिले से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रकों के माध्यम से होने वाला खनिज परिवहन रुकने से कारोबार पर असर पड़ने लगा है। वहीं महासमुंद में बसों के पहिए थमने से यात्रियों को दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ा। कई लोगों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी।

बेमेतरा में चोरभट्टी बाईपास पर ड्राइवरों ने 14 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन चक्काजाम शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर धरना देते हुए स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

धमतरी में पुलिस से हुई नोकझोंक

धमतरी जिले के चिटौद क्षेत्र में प्रदर्शन के दौरान बसों और मालवाहक वाहनों को रोककर ड्राइवरों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। बाद में समझाइश के बाद यातायात सामान्य कराया गया। आंदोलनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम की चेतावनी भी दी है।

जगदलपुर में कई मार्गों पर रोके गए वाहन

बस्तर संभाग के जगदलपुर में प्रदर्शनकारी ड्राइवरों ने रायपुर, सुकमा, बीजापुर और ओडिशा की ओर जाने वाले मार्गों पर बसों और ट्रकों को रोककर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं को हड़ताल से मुक्त रखा गया। बस्तर परिवहन संघ ने भी आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया।

प्रशासन ने दिया मांगें शासन तक पहुंचाने का भरोसा

भिलाई में जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों और ड्राइवर संगठन के प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित की गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि संगठन की जायज मांगों को शासन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की गई। संगठन ने भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रखने का भरोसा दिया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *