Janjgir Champa News: मां के साथ सोई 4 माह की बच्ची हुई गायब, खेत के गड्ढे में मिली लाश

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पामगढ़ थाना क्षेत्र के धाराशिव गांव में रविवार को एक चार माह की मासूम बच्ची का पहले अपहरण हुआ, फिर कुछ घंटों बाद उसका शव घर के पीछे खेत के गड्ढे में मिला। इस हृदय विदारक घटना से गांव में मातम छा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अपहरण और हत्या दोनों एंगल से जांच शुरू कर दी है।

सोते वक्त गायब हुई मासूम

जानकारी के अनुसार, राजेश गोस्वामी की पत्नी पूनम अपने मायके धाराशिव आई हुई थी। दोपहर के भोजन के बाद पूनम अपनी तीन साल की बेटी और चार माह की नवजात के साथ एक कमरे में सोई थी। कुछ समय बाद जब वह जागी तो उसकी गोद से चार माह की बेटी गायब थी। पहले पूनम ने अपनी मां से पूछा, फिर घर और मोहल्ले में तलाश की गई, लेकिन बच्ची का कुछ पता नहीं चला।

गांव में मचा हड़कंप, पुलिस को दी गई सूचना

बच्ची के अचानक गायब होने से परिजन घबरा गए और अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की आशंका जताई गई। इसके बाद पामगढ़ पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

खेत के गड्ढे में मिली लाश

तलाश के दौरान पूनम के घर के पीछे स्थित खेत में एक गड्ढे में बच्ची का शव मिला। बच्ची की लाश देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों में आक्रोश और डर दोनों व्याप्त है।

फॉरेंसिक और साइबर टीम जुटी जांच में

उप पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए साइबर सेल, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को जांच में लगाया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और अपहरण के साथ हत्या की धाराओं में जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *