छत्तीसगढ़ के दिव्यांग एथलीट सुखदेव ने रचा नया कीर्तिमान, इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता गोल्ड

Raipur News: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के होनहार दिव्यांग एथलीट सुखदेव ने एक बार फिर प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने 7वीं ओपन पैरा एथलेटिक्स इंटरनेशनल चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम किया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 11-12 जुलाई को बेंगलुरु के कांतिराव एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित हुई थी। सुखदेव ने 1500 मीटर की दूरी केवल 4.36 मिनट में पूरी कर पहला स्थान हासिल किया।

फॉर्चून नेत्रहीन विद्यालय के पूर्व छात्र

सुखदेव, फॉर्चून फाउंडेशन द्वारा संचालित फॉर्चून नेत्रहीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, करमापटपर (बागबाहरा खुर्द) के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने प्रशिक्षक निरंजन साहू के मार्गदर्शन में लगातार अभ्यास कर यह असाधारण उपलब्धि हासिल की। वर्तमान में सुखदेव भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), बेंगलुरु में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

पहले भी दिला चुके हैं छत्तीसगढ़ को गौरव

यह पहला मौका नहीं है जब सुखदेव ने छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया हो। इससे पूर्व उन्होंने खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025, नई दिल्ली में 400 मीटर दौड़ और 23वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप, चेन्नई में 1500 मीटर दौड़ में भी स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई थी।

प्रशासन और खेल जगत से मिली शुभकामनाएं

सुखदेव की इस उपलब्धि पर महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, सीईओ जिला पंचायत एस. आलोक, उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह, खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी मनोज धृतलहरे, जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे, प्रशिक्षक निरंजन साहू एवं पैरा स्पोर्ट्स संघ के पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

प्रेरणा बना संकल्प

सुखदेव की यह सफलता न केवल उनके संघर्ष, समर्पण और अनुशासन का प्रमाण है, बल्कि यह राज्य के अन्य दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी एक प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों और निरंतर मेहनत की जाए तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *