CG Gambling Raid: जंगल में मोमबत्ती की रोशनी में चल रहा था जुआ, पुलिस ने 9 जुआरियों को दबोचा

CG Gambling Raid: बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र के लच्छनपुर जंगल में दिवाली से पहले जुआ खेल रहे लोगों पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। जंगल में मोमबत्ती की रोशनी में ताश पर दांव लगाए जा रहे थे। पुलिस के पहुंचते ही कई जुआरी मौके से फरार हो गए, जबकि घेराबंदी कर 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से 13,900 रुपए नकद और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान सेंदरी, गतौरी, लोफंदी, अमतरा और लच्छनपुर क्षेत्र में निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि लच्छनपुर के जंगल में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी की।

मोमबत्ती की रोशनी में खेल रहे थे ताश

पुलिस ने बताया कि जुआरी जंगल में प्लास्टिक की पन्नी बिछाकर मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगा रहे थे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि 9 लोगों को मौके से पकड़ लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों पर केस दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों में शुभम केवंट, दीपक शिकारी, जगन्नाथ साहू, परमेश्वर ध्रुव, गणेश दास मानिकपुरी, अमित कुमार साहू, चंद्रप्रकाश पाटले, अनिल कुमार बंजारे और कृष्ण कुमार सारथी शामिल हैं। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दिवाली पर जुए के खिलाफ अभियान तेज

पुलिस का कहना है कि दिवाली के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जुआ खेलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसे देखते हुए लगातार गश्त और छापेमार कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी रजनेश सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को जुआरियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और लगातार पेट्रोलिंग के निर्देश दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *