CGPSC SI Exam Postponed: छत्तीसगढ़ में सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा एक बार फिर स्थगित कर दी गई है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने मंगलवार को परीक्षा स्थगित करने की सूचना जारी की।
इससे पहले मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर को आयोजित होने वाली थी, जिसे बाद में बदलकर 2, 3 और 4 नवंबर किया गया था। अब इन तारीखों पर भी परीक्षा आयोजित नहीं होगी। आयोग ने परीक्षा स्थगित करने के पीछे अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया है। नई परीक्षा तिथि की घोषणा बाद में अलग से की जाएगी।
पहले भी कई परीक्षाएं प्रभावित हुईं
इससे पहले 10 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती परीक्षा और CGPSC-2025 परीक्षा पर भी रोक लगाई गई थी। शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर होने के बाद रोक लगाने का आदेश जारी किया गया था। वहीं, बिलासपुर में अभ्यर्थियों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
अगस्त में जारी हुआ था प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम
CGPSC ने सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर के 341 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त को जारी किया था। यह परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों में आयोजित की गई थी।
प्रारंभिक परीक्षा के लिए 183 केंद्र बनाए गए थे। इसमें 7,301 अभ्यर्थी सफल हुए थे, जिन्हें मुख्य परीक्षा के लिए पात्र घोषित किया गया था।
पहले अक्टूबर, फिर नवंबर और अब स्थगित हुई परीक्षा
सूबेदार-SI मुख्य परीक्षा की तारीखों में अब तक दो बार बदलाव किया जा चुका है। पहले परीक्षा 24 से 26 अक्टूबर के बीच प्रस्तावित थी। इसके बाद शिक्षक भर्ती परीक्षा की तारीखों को देखते हुए मुख्य परीक्षा को बदलकर 2 से 4 नवंबर किया गया था।
अब आयोग ने इन तारीखों पर होने वाली परीक्षा को भी स्थगित कर दिया है। हालांकि, परीक्षा टालने के कारणों की विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
प्रारंभिक परिणाम को लेकर हुआ था विवाद
सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक परिणाम जारी होने के बाद चयन सूची में शामिल कुछ नामों को लेकर विवाद हुआ था। सोशल मीडिया पर कुछ नामों को लेकर सवाल उठाए गए थे।
विवाद के बाद CGPSC ने स्पष्ट किया था कि चयन सूची में दर्ज नाम अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन में दी गई जानकारी के आधार पर हैं। कुछ चयनित अभ्यर्थियों ने भी वीडियो जारी कर अपने नाम और दस्तावेजों को सही बताया था।

