Korba News : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जड़गा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनवार में भारी बारिश के चलते एक पुराना कुआं अचानक धंस गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग दब गए और मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई है।

मोटर पंप निकालते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के तीन सदस्य कुएं में लगाए गए मोटर पंप को निकालने गए थे। इसी दौरान कुएं की मिट्टी अचानक धंस गई, और तीनों कुएं के मलबे में दब गए।
पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही जड़गा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आपदा प्रबंधन की टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया। हालांकि, जब तक मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला जाता, तीनों की मौत हो चुकी थी।
