CG Job Fair 2026: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। रायपुर के बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में 36 कंपनियों और प्लेसमेंट संस्थाओं के माध्यम से 8 हजार 720 पदों पर भर्ती की जा रही है।
रोजगार मेले में गुजरात समेत कई राज्यों की कंपनियां शामिल हुई हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में युवा इसमें पहुंच रहे हैं। चयनित युवाओं को 8 अक्टूबर को ऑफर लेटर दिए जाएंगे।
ऑपरेटर से इंजीनियर तक कई पदों पर भर्ती
रोजगार मेले में मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इंजीनियर, गुणवत्ता निरीक्षक, बिक्री अधिकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर, ग्राहक सेवा अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी कर्मचारी और अप्रेंटिस जैसे पदों पर भर्ती की जा रही है।
इनमें तकनीकी और निर्माण क्षेत्र में करीब 4 हजार 800 पद, परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में 1 हजार 600 पद, सुरक्षा क्षेत्र में 650 पद और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में करीब 580 पद शामिल हैं। 10वीं, 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक और स्नातकोत्तर युवा इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कई बड़ी कंपनियां कर रहीं भर्ती
राज्य स्तरीय रोजगार मेले में कई कंपनियों ने अपनी रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं। इनमें क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंस्टाकार्ट, एनआईआईटी, आइसेक्ट समेत कई कंपनियां शामिल हैं।
रोजगार विभाग की ओर से अन्य कंपनियों और नियोजकों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर मिल सकें।
संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण हेमंत रमेश नंदनवार ने बताया कि युवाओं को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभाग उद्योगों और कंपनियों से लगातार संपर्क कर रहा है। अब तक 36 नियोजकों से 8 हजार 720 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हुई है।
ई-रोजगार पोर्टल पर कर सकेंगे आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देखकर अपनी योग्यता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल https://www.erojgar.cg.gov.in/ के माध्यम से नियोजक अभ्यर्थियों की प्रोफाइल के आधार पर चयन प्रक्रिया भी पूरी कर सकते हैं।



