CG Acid Attack: छत्तीसगढ़ के बालोद में हेड कॉन्स्टेबल की बेटी पर एसिड अटैक मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, युवक ने दूसरे लड़कों से बातचीत करने के शक में अपनी प्रेमिका पर हमला करवाने की साजिश रची थी। छात्रा पर उसके दोस्त ने एसिड फेंका था।
22 वर्षीय छात्रा आमापारा की लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी में उस पर एसिड से हमला किया गया। हमले में छात्रा का चेहरा, दाहिना हिस्सा और आंख के आसपास का भाग बुरी तरह झुलस गया है। पुलिस ने मामले में बालोद निवासी यश सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है।
कोचिंग में हुई थी पहचान, डेढ़ साल चला रिश्ता
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी यश सोनकर छात्रा के साथ कोचिंग में पढ़ चुका है। दोनों के बीच पिछले करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध थे। युवक छात्रा से शादी करना चाहता था, लेकिन उसे शक था कि छात्रा किसी और लड़कों से भी बातचीत करती है।
इसी शक के चलते दोनों के बीच विवाद होने लगा। पुलिस के अनुसार, नाराज होकर यश ने अपने बचपन के दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर छात्रा पर हमला करने की योजना बनाई।
दोस्त से करवाया एसिड अटैक
पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत करण ने छात्रा पर एसिड फेंका। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में हमले की पूरी साजिश और इस्तेमाल किए गए सामान की जानकारी जुटा रही है।
कोर्ट ले जाते समय आरोपियों पर भड़की भीड़
मंगलवार शाम दोनों आरोपियों को बालोद कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया गया। इस दौरान पटेल मैदान के सामने बड़ी संख्या में लोग और छात्राएं जमा हो गईं। भीड़ ने पुलिस वाहन को रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस ने जब भीड़ को हटाने की कोशिश की तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। गुस्साई भीड़ ने आरोपियों पर काला-नीला रंग फेंका और जूते की माला पहनाने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने आरोपियों की पिटाई करने की कोशिश भी की।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प
स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हाथापाई भी हुई। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को सुरक्षित कोर्ट पहुंचाया।




